बक्सर। डुमरांव प्रखंड के नुआंव पंचायत सरकार भवन में रविवार को पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री सह बक्सर जिले के प्रभारी मंत्री श्री नन्द किशोर राम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस माह पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम की थीम \"महिला हितैषी ग्राम पंचायत\" रखी गई थी। इसके तहत ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं। सरकार का लक्ष्य पंचायतों को अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर और जनकल्याणकारी बनाना है, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य पंचायत स्तर पर चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करना, आम लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और विकास कार्यों में जनता की भागीदारी बढ़ाना है।
मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और पात्र लाभुकों को बिना देरी के योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
DB Nation News | बक्सर







.png)




