DB Nation News | बक्सर
बक्सर जिले में शनिवार को हुई आधे घंटे की मुसलाधार बारिश ने नगर परिषद की नाला सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। थोड़ी ही देर की बारिश में नगर की कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं और जगह-जगह एक से दो फीट तक जलजमाव हो गया। इससे आम लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ और नगर परिषद द्वारा मानसून पूर्व नालों की सफाई के दावे सवालों के घेरे में आ गए।
पीसी कॉलेज मोड़ पर जलजमाव से यातायात बाधित
सबसे अधिक परेशानी पीसी कॉलेज मोड़ के पास बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर देखने को मिली, जहां जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर काफी दूरी तक पानी जमा हो गया। यह मार्ग बक्सर जिला मुख्यालय को इटाढ़ी से जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है, जिस पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग से धनसोई, इटाढ़ी और आसपास के दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राएं, मरीज, दोपहिया चालक और पैदल यात्री गुजरते हैं। जलजमाव के कारण उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेशन रोड और पुराना अस्पताल मोड़ भी जलमग्न
स्टेशन रोड और पुराना अस्पताल मोड़ पर भी हालात कम गंभीर नहीं रहे। इन क्षेत्रों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश होते ही नगर की मुख्य सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, जो नगर परिषद की लापरवाही को दर्शाता है।
दुर्घटना का खतरा बढ़ा
सड़क पर बने गड्ढे पानी में छिप जाने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते जल निकासी और सड़क निर्माण की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है।
अब देखना यह होगा कि बक्सर नगर परिषद इस गंभीर समस्या को लेकर कितनी तत्परता दिखाती है और जलजमाव की समस्या से लोगों को कब राहत मिलती है।






.png)





