28 Jul 2026 Patna
Hello
Hello
BREAKING

मुहर्रम को लेकर बक्सर में फ्लैग मार्च, 128 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात

शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।

Admin 25 Jun 2026, 07:34 AM 66 views
मुहर्रम को लेकर बक्सर में फ्लैग मार्च, 128 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात

DB Nation News, बक्सर। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार, 25 जून 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला और पुलिस अधीक्षक बक्सर श्री शुभम आर्य के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च ज्योति चौक से शुरू होकर खलासी मुहल्ला, यमुना चौक, ठठेरी बाजार, बड़ी मस्जिद होते हुए मॉडल थाना तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

Hello

मुहर्रम पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने 128 स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की है। इसके अलावा 31 गश्ती दल, 2 जोनल दंडाधिकारी, 2 क्यूआरटी टीम और ताजिया जुलूसों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिले में कुल 107 लाइसेंसी ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे, जिनमें बक्सर अनुमंडल के 48 और डुमरांव अनुमंडल के 59 जुलूस शामिल हैं। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की गई है।

25 जून से ताजिया के लिए मिट्टी लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जबकि 26 जून को शहादत की रात और 27 जून को पहलाम का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Hello

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ताजिया की ऊंचाई निर्धारित सीमा के अंदर रहे और सभी जुलूसों के लिए अनुमंडल पदाधिकारी से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। जुलूसों में डीजे बजाने, भड़काऊ नारे लगाने, उत्तेजक गीतों और हथियारों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी।

प्रशासन ने आयोजकों से 10 से 25 जिम्मेदार लोगों का नाम, पता और आधार विवरण लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने का अंडरटेकिंग लेने को कहा है। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी भी अनिवार्य की गई है।

संवेदनशील स्थानों, कब्रिस्तानों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली, पानी, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाओं और एम्बुलेंस की व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया है।

वहीं सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर नजर रखने के लिए साइबर थाना और साइबर सेनानी व्हाट्सएप समूहों को सक्रिय किया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

डीबी नेशन न्यूज, बक्सर

Share:

Follow Us Live

Facebook

Instagram

YouTube