बक्सर, 14 जून 2026 : नई सरकार के गठन के 60 दिन पूर्ण होने के अवसर पर बिहार ऊर्जा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित विद्युत भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के कार्य का शुभारंभ किया। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र की 1278 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं कार्यारंभ भी किया गया।
बक्सर जिले में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजपुर विधायक श्री संतोष कुमार निराला, बक्सर सदर विधायक श्री आनंद मिश्रा, जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला, उप विकास आयुक्त श्रीमती निहारिका छवि, विशेष कार्य पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्त्ता, विद्युत कार्यपालक अभियंता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर सहित विद्युत विभाग के सभी सहायक एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं बीपीएल परिवारों को स्वच्छ, सस्ती और सतत ऊर्जा उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे, जिससे बिजली बिल में कमी आएगी और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
योजना के तहत बीपीएल एवं कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सरकार द्वारा पूरी तरह निःशुल्क 1.1 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा। प्रथम चरण में बिहार के 2.5 लाख बीपीएल परिवारों को इस योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
बक्सर जिले के लिए प्रथम चरण में 4129 बीपीएल एवं कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
विशेषज्ञों के अनुसार यह योजना राज्य को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। इससे न केवल गरीब परिवारों को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा को बढ़ावा और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
DB Nation News






.png)





