DB Nation News, बक्सर। जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर की स्थिति और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के प्रत्येक गांव, किसानों और सभी घरों तक नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कृषि एवं सिंचाई कार्यों को देखते हुए किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने की बात कही।
बैठक में बताया गया कि विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले में 4 किलोमीटर विद्युत केबल उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा लगभग 500 नए विद्युत पोल और अतिरिक्त केबल की आवश्यकता को लेकर विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।
डीएम ने जर्जर तारों और पोलों को बदलने, विद्युत अवसंरचना को मजबूत करने तथा शिकायतों का समय सीमा के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और किसानों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।






.png)





