बक्सर, 11 जून 2026 (DB NATION NEWS) :
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के 4236 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दो चरणों में होगी परीक्षा
14 जून एवं 17 जून 2026 को दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक संचालित की जाएगी। जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
प्रवेश के लिए सख्त नियम
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। बिना फोटोयुक्त पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
मोबाइल, स्मार्ट वॉच और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक पेन सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा कक्ष में पेन उपलब्ध कराया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सोशल मीडिया पर निगरानी
बाहरी जिलों एवं राज्यों से आने वाले अभ्यर्थियों को देखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर विशेष व्यवस्था की गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी साइबर टीम लगातार नजर रखेगी।
फोटोस्टेट दुकानों पर रहेगी रोक
परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट दुकानों को परीक्षा अवधि तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
स्वास्थ्य, बिजली और अग्निशमन की विशेष व्यवस्था
एम्बुलेंस, चिकित्सक दल, अग्निशमन वाहन एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर में कार्यरत रहेगा। किसी भी सूचना या सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06183-222154 जारी किया गया है।









.png)



