बक्सर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस रविवार को बक्सर के नई बाजार मठिया मोड़ स्थित कपिल उत्सव वाटिका में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने की, जबकि संचालन जिला प्रधान महासचिव धनपति चौधरी ने किया।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, कार्यक्रम प्रभारी एवं जहानाबाद के पूर्व विधायक सुदाय यादव तथा ब्रह्मपुर विधायक शंभु नाथ यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर राजद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने वर्चुअल माध्यम से बिहार के सभी जिलों में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रमों में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुदाय यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से राजद की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि पार्टी आज भी उसी विचारधारा पर कार्य कर रही है।
ब्रह्मपुर विधायक शंभु नाथ यादव ने अपने संबोधन में मंडल आयोग की सिफारिशों के क्रियान्वयन और सामाजिक न्याय की राजनीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे समाज के वंचित, पिछड़े, अनुसूचित जाति-जनजाति एवं अल्पसंख्यक वर्गों को अधिकार और सम्मान मिला।
बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजद सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी सत्ता से अधिक अपने सिद्धांतों और विचारधारा को प्राथमिकता देती है।
जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि राजद सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी हरेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ नेता गणपति मंडल, पूर्व जिलाध्यक्ष भारत सिंह, सत्येंद्र सिंह, निर्मल कुशवाहा, संतोष भारती, बबलू यादव, राजेश यादव, पूजा कुमारी, श्वेता पाठक, अंगद यादव, सरोज राजभर, अनिल सिंह, बृजबिहारी सिंह, अखिलेश यादव, जगनारायण यादव, सत्येंद्र आजाद, सुरेश सिंह, सुशील सिंह, मेहंदी हसन, आजाद खान, भट्टी खान, नागेंद्र सिंह, ददन पासवान, जवाहर पासवान, हीरामन राम, गौरीशंकर यादव, सियाराम राय, रामेश्वर सिंह, गुड्डू यादव, उमेश कुमार सिंह, अजीत सिंह, त्रिलोकी खरवार, अखिलेश पासवान, विनोद यादव, मोहन सिंह यादव, आनंद रंजना सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।








.png)



